Spread the love

जमशेदपुर: मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई। ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित राज मोबाइल के समीप सड़क किनारे खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने बस से धुआं और तेज लपटें उठती देख तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को सूचना दी। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि बस को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार बस प्रतिदिन रात में उसी स्थान पर खड़ी की जाती थी और सुबह अपने निर्धारित रूट पर परिचालन के लिए निकलती थी। घटना के समय भी बस सड़क किनारे खड़ी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमकल पहुंचने से पहले बस पूरी तरह जल चुकी थी।


आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी चपेट में पास का बिजली पोल और कई विद्युत तार भी आ गए, जिससे इलाके की बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. राहत की बात रही कि इसमें कोई जानहानि नहीं हुई। पुलिस आग लगी के कारणों का पता लगा रही है। शॉर्ट सर्किट या असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version