Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने शनिवार देर रात एक होटल को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह वारदात थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक हेल्थ केयर सेंटर के नीचे संचालित होटल के संचालक पशुपति नाथ शनिवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वह होटल पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी वस्तुएं गायब थीं।
चोर होटल से दो गैस सिलेंडर, 1300 रुपए नकद, पानी की पांच पेटियां, कोल्ड ड्रिंक की तीन पेटियां, बड़ी मात्रा में लाहौरी जीरा, पान मसाला, सिगरेट तथा अन्य खाद्य सामग्री लेकर फरार हो गए। होटल संचालक के अनुसार, चोरी से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना के बेहद करीब इस तरह की चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version