जमशेदपुर: शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित बाजार का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक कई दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने करीब 10 से 12 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बदमाश देर रात बाजार पहुंचे और सुनसान का फायदा उठाते हुए दुकानों के शटर व ताले तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने दुकानों के गल्लों में रखी नकदी, जरूरी सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर लीं। जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल हार्डवेयर, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर सहित कई अन्य दुकानें शामिल हैं।
रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल मानगो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में दुकानों में चोरी की घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, नियमित पेट्रोलिंग और बाजार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


