Spread the love

जमशेदपुर: भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथ यात्रा के मद्देनज़र 16 जुलाई (गुरुवार) को जमशेदपुर शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। रथ यात्रा के दौरान कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि अन्य मार्गों पर वैकल्पिक रूट से आवागमन कराया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, भोल्टास से छगलालाल होते हुए रिगल गोलचक्कर तक दोनों ओर का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान जुगसलाई से साकची और बिष्टुपुर जाने वाले वाहनों को खरकई, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह, लोयोला स्कूल और जुबली पार्क के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहनों को रिगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई और भोल्टास होते हुए गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। गोलमुरी से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहन जेएनएसी चौक, नया रोड और करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर के रास्ते चलेंगे। मानगो से बिष्टुपुर और जुगसलाई जाने वाले वाहनों को मरीन ड्राइव से होकर गुजरना होगा।

रथ यात्रा जब बड़ी हनुमान मंदिर से मानगो चौक होते हुए डिमना चौक की ओर बढ़ेगी, तब साकची की ओर से आने वाले वाहनों को मानगो थाना और पारडीह चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद रथ यात्रा के डिमना चौक से ट्रांसपोर्ट नगर और राजस्थान भवन की ओर बढ़ने के दौरान डिमना चौक से आने वाले वाहनों को रोककर पारडीह और मानगो चौक की ओर मोड़ा जाएगा। सुंदरनगर से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किया गया है। ऐसे वाहन करणडीह चौक, धाधीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय, चाईबासा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के रास्ते गुजरेंगे। दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं, 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक शहर में नो-एंट्री लागू रहेगी। रथ यात्रा संपन्न होने के बाद सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था फिर से लागू कर दी जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) ने सभी संबंधित थाना एवं यातायात प्रभारियों को निर्देश दिया है कि रथ यात्रा के दौरान एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाए। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जारी ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

error: Content is protected !!
Exit mobile version