Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के गालूडीह थाना क्षेत्र में सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान केशपुर पंचायत के बागालगोड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय गौरी सबर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार तड़के करीब तीन बजे गौरी अपने घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। अचानक उसे कंधे में तेज दर्द महसूस हुआ। नींद खुलने पर उसने देखा कि एक सांप उसे डस चुका है। महिला के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। जब कमरे की लाइट जलाई गई तो बिस्तर के पास एक जहरीला सांप दिखाई दिया।


घटना के बाद परिजन तुरंत गौरी को इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और उसने दम तोड़ दिया। एमजीएम पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने घर में मौजूद सांप को मार डाला। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। गौरी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गई है। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से बरसात और गर्मी के मौसम में सांपों से बचाव के लिए सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version