
जमशेदपुर: सरकार के एफसीआई गोदामों के पुनर्गठन के फैसले के विरोध में जमशेदपुर के मजदूर सड़क पर उतर आए हैं। वर्षों से एफसीआई गोदामों में माल ढुलाई का काम कर रहे मजदूरों ने बर्मामाइंस स्थित एफसीआई गोदाम के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए राशन उठाव पूरी तरह ठप कर दिया। सरकार के नए निर्देश के अनुसार अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का राशन डीलर सीधे एफसीआई गोदाम से उठाएंगे। साथ ही साकची, करनडीह और बर्मामाइंस स्थित तीनों एफसीआई गोदामों की व्यवस्था को समेटकर केवल बर्मामाइंस गोदाम से ही राशन वितरण किया जाएगा। मजदूरों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से तीनों गोदामों में वर्षों से कार्यरत करीब 60 मजदूरों के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि दशकों से इसी काम के सहारे उनके परिवारों का भरण-पोषण होता रहा है, लेकिन सरकार के इस फैसले से उनकी आजीविका छिन जाएगी।
रोजगार की सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी मजदूरों ने एफसीआई गोदाम के मुख्य गेट पर धरना देते हुए राशन उठाव रोक दिया। मजदूरों ने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार कर उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए गोदाम से होने वाली राशन उठाव की प्रक्रिया भी प्रभावित रही।