Spread the love
जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उलीडीह ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
जानकारी के मुताबिक बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि उलीडीह ओपी क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं।
गिरफ्तार युवक की पहचान बिस्वजीत सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार बिहार के बक्सर से 30 हजार रुपये में खरीदा था। आरोपी इस हथियार का इस्तेमाल इलाके में दहशत फैलाने, व्यवसायियों को धमकाने और रंगदारी वसूलने के लिए करने वाला था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
error: Content is protected !!
Exit mobile version