
- सर्विस रोड का काम धीमा, बड़ामटांड़ के पास आमने-सामने भिड़े वाहन; हादसे के बाद दोनों गाड़ियां जब्त, ट्रैक्टर चालक फरार
सरायकेला: चौका थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर बड़ामटांड़ के समीप शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बस और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार दो यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर चौका पुलिस पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। वहीं, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
सर्विस रोड बंद, रॉन्ग साइड से गुजर रहे वाहन
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौका मोड़ पर रांची की ओर जाने वाली सर्विस रोड के जीर्णोद्धार का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। इसके कारण चौका-कांड्रा और चौका-पातकुम मार्ग से रांची की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ामटांड़ तक करीब एक किलोमीटर की दूरी रॉन्ग साइड से तय करनी पड़ती है। इससे इस मार्ग पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
टाटा से तिरुलडीह जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, झारखंड टाइगर बस टाटा से कुकड़ू के तिरुलडीह जा रही थी। इसी दौरान बड़ामटांड़ से चौका की ओर आ रहे ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार आगसीया निवासी रामेश्वर पांडेय और तमाड़ निवासी संतोष राय घायल हो गए। दोनों को नजदीकी क्लिनिक में ले जाकर इलाज कराया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों को हल्की चोटें आईं।
धीमी निर्माण गति से हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड का काम समय पर पूरा नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रॉन्ग साइड से वाहनों की आवाजाही के कारण आमने-सामने की टक्कर का खतरा बना रहता है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस भी रॉन्ग साइड में चल रही थी। अब सवाल यह है कि सर्विस रोड का निर्माण कब पूरा होगा और इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा कब कम होगा।












