
- अरका जैन कॉलेज में इंजीनियरिंग फाइनल ईयर का छात्र था 23 वर्षीय अजीत चंद्रन, गुरुवार रात कमरे में फंदे से लटका मिला; टिनप्लेट अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जमशेदपुर : बिरसानगर जोन नंबर-8 निवासी सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बसंत कुमार पासवान के छोटे बेटे अजीत चंद्रन (23) की गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल फंदे से उतारकर टिनप्लेट अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अजीत अरका जैन कॉलेज में इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर का छात्र था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता बसंत कुमार पासवान बर्मामाइंस स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग स्कूल (टीटीएस) में पदस्थापित हैं। इससे पहले वह कोल्हान डीआइजी कार्यालय में भी पदस्थापित रह चुके हैं।
भाई ने लड़की पर परेशान करने का लगाया आरोप
परिजनों के अनुसार, अजीत की मौत के मामले में उसके भाई ने आरोप लगाया है कि एक लड़की उसे परेशान कर रही थी। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अजीत के मोबाइल फोन की जांच करने की मांग की है। परिजन चाहते हैं कि मोबाइल में उपलब्ध जानकारी और अन्य साक्ष्यों की जांच कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जाए।
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिवार के सदस्य शव को सड़क मार्ग से बिहार के गया जिले स्थित अपने पैतृक गांव ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अजीत के पिता मूल रूप से गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के डेरइया गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल, लड़की द्वारा परेशान किए जाने के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में मोबाइल फोन की जांच और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया से घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।












