
रांची : सड़क पर यमराज की वेशभूषा में कलाकार और दोपहिया चालकों को सुरक्षित सफर की सीख देते अधिकारी—रांची के ग्रामीण इलाकों में शनिवार को सड़क सुरक्षा अभियान कुछ अलग अंदाज में नजर आया। दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी सहित विभिन्न स्थानों पर परिवहन विभाग ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। परिवहन सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में चले अभियान में वाहन चालकों के साथ दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को भी जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
माला पहनाई, मुंह मीठा कराकर समझाई जिम्मेदारी
अभियान में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 चालकों को जागरूक किया गया। उनसे आत्मीय संवाद करते हुए माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई। इस दौरान निःशुल्क हेलमेट तथा सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी बांटे गए। चालकों को समझाया गया कि हेलमेट पहनने की आदत उनकी अपनी सुरक्षा से जुड़ी है। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
नुक्कड़ नाटक से दिखाए लापरवाही के परिणाम
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सड़क दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों की ओर ध्यान खींचा। यमराज के पात्र के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने और नियमों की अनदेखी करने वालों को प्रतीकात्मक तरीके से समझाया गया। इन प्रस्तुतियों में लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणाम दिखाए गए। अभियान का जोर नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने और उनके रोजमर्रा के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने पर रहा।
एक हादसे का दर्द पूरे परिवार को झेलना पड़ता है
परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और नागरिकों के जीवन की रक्षा सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नागरिक चेतना विकसित करने संबंधी दृष्टिकोण का उल्लेख किया। उन्होंने समझाया कि किसी व्यक्ति की दुर्घटना में मृत्यु परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती है। कमाने वाले सदस्य को खोने पर भावनात्मक आघात के साथ आजीविका का संकट भी खड़ा हो सकता है। इसलिए हेलमेट, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन को दैनिक आदत बनाना जरूरी है।
दुकानदारों से सड़क और फुटपाथ खाली रखने की अपील
सड़क किनारे दुकानदारों से सामान बाहर फैलाकर यातायात बाधित नहीं करने को कहा गया। बड़े वाहनों की अनियमित पार्किंग से होने वाली परेशानियों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने और सड़क तथा फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने में सहयोग मांगा गया। विभाग ने ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार व अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवान उपस्थित रहे।












