जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित डिमना की जयपाल कॉलोनी में शनिवार शाम पाइपलाइन बिछाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पीएचईडी विभाग की जलापूर्ति परियोजना के तहत श्री श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के समीप चल रहे कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे दूसरे मजदूर भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और काम तत्काल रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार, पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया था। इसे बाहर निकालने के लिए मोटर पंप का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान 50 वर्षीय मजदूर चेतन यादव पाइप उठाकर कार्य कर रहे थे। अचानक उन्हें तेज करंट लगा और वे गड्ढे में ही गिर पड़े। आसपास मौजूद मजदूर कुछ समझ पाते, उससे पहले उनके साथी अर्जुन यादव उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
अन्य मजदूरों ने तुरंत बिजली का कनेक्शन बंद कराया और दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चेतन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अर्जुन यादव का अस्पताल में उपचार जारी है। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मोटर पंप के बिजली के केबल में लीकेज होने के कारण गड्ढे में भरे पानी में करंट फैल गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के पेशाम गांव के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन शोक में डूब गए। इधर, एमजीएम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
