जमशेदपुर: भारत स्वाभिमान न्यास, झारखंड के सह राज्य प्रभारी अमित कुमार के जमशेदपुर आगमन पर टेल्को रिक्रिएशन क्लब में उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान न्यास के कोल्हान प्रभारी अजय कुमार झा, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी नरेंद्र कुमार, महासचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव, टेल्को रिक्रिएशन क्लब के प्रतिनिधि, झारखंड के वरिष्ठतम 93 वर्षीय योग शिक्षक इंद्रपाल वर्मा, योग शिक्षिका नमिता साहू सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अमित कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि योग गुरु स्वामी रामदेव के प्रयासों से आज योग का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा है और बड़ी संख्या में लोग इसे अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पतंजलि योग समिति द्वारा देशभर में लाखों निःशुल्क योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है, जहां लोगों को योग, प्राणायाम और प्राकृतिक जीवनशैली का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से ही स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण का सपना साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया और योग के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया।
