
चतरा: चतरा पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TPC) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र से नरेश गंझू उर्फ रविकांत को दबोचा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी संगठन के सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ सरदार का करीबी सहयोगी था और लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।गिरफ्तारी के बाद नरेश गंझू को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच धमनियां पिकेट में रखा गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उससे पूछताछ में संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी वसूली के तंत्र और सक्रिय उग्रवादियों से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिल सकते हैं।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि संगठन के फरार शीर्ष नेताओं तक किस तरह संपर्क बनाए रखा जाता था और उन्हें आर्थिक सहायता कैसे पहुंचाई जाती थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से टेरर फंडिंग और संगठन की वित्तीय गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग सामने आएंगे।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और नरेश गंझू से मिली जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
