जमशेदपुर: गोलमुरी मार्केट में रविवार देर रात एक पान दुकान को निशाना बनाकर चोर नकदी और हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दुकान संचालक उमेश कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दूध सप्लाई करने वाले व्यक्ति ने फोन कर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गल्ले में रखी नकदी, पर्स और दुकान का सामान गायब था।
दुकानदार के मुताबिक, पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद थे। इसके अलावा 40 से 50 हजार रुपये मूल्य की सिगरेट और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, गोलमुरी मार्केट के व्यापारियों ने बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
