
जमशेदपुर: स्वदेशी जागरण मंच द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के उद्देश्य से चलाए जा रहे “पर्यावरण पहल” अभियान के तहत बागबेड़ा के मतलाडीह स्थित साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल में संगोष्ठी सह वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शिवम शिल्प कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व और प्रकृति के प्रति समाज की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पर्यावरण प्रमुख संजय अग्रवाल ने रोचक प्रतियोगिताओं और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा ध्वनि, वायु और अन्य प्रकार के प्रदूषण को रोकने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
पर्यावरण पहल के महानगर संयोजक मनोज सिंह ने विद्यार्थियों को प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से होने वाले दुष्प्रभाव और उसके सुरक्षित विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का अनियंत्रित उपयोग आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। इस दौरान सभी विद्यार्थियों ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने पौधारोपण किया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। विद्यालय की सचिव जयंती शांता ने कहा कि तीन माह बाद इसी अभियान के तहत फिर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा विद्यालय परिसर में लगाए गए सभी पौधों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक वंदे शंकर, डॉ. अनिल राय, किरणजीत कौर, अशोक कुमार, मनोज सलूजा, विनय शर्मा, अखिल सिंह सहित मंच और शिवम शिल्प कला केंद्र के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के अध्यक्ष जयंती रमन, सचिव जयंती शांता, प्राचार्य अशोक घोष तथा सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मधु सिंह ने प्रस्तुत किया।
