
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह बाजार में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज आंधी-बारिश के दौरान एक जर्जर दुकान का विशाल छज्जा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। गनीमत रही कि बारिश की वजह से उस समय छज्जे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना दत्ता रेडीमेड स्टोर के सामने की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा और बारिश के बीच अचानक छज्जा टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मलबे की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
व्यपारी बताते हैँ की बाजार की स्थिति बहुत खराब है। आए दिन छत से प्लास्टर और कंक्रीट गिरते रहते हैं। हम लोग टीन शेड लगाकर किसी तरह ग्राहकों को बचा रहे हैं। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। प्रशासन को शायद किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार है।
स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कृषि उत्पादन बाजार समिति की ये दुकानें वर्षों पहले ही ‘कंडम’ घोषित की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो मरम्मत हुई और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया।
व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जर्जर दुकानों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। फिलहाल इस घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।