
जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के काशीडी काली मंदिर के पास एक बार फिर चापड़ से हमला किए जाने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान संजीत शर्मा और अमरजीत शर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घायलों में शामिल अमरजीत शर्मा का संबंध भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से है। इस वजह से घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, हमले के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। साकची थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
शहर में लगातार हो रही इस तरह की आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं, जिससे आम लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।