Spread the love


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली। पातरहातु गांव में 53 वर्षीय कुंडिया सिंकु की डंडों से पीट-पीटकर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन लकड़ी के डंडे भी बरामद किए हैं।
3 अगस्त को मिला था शव
घटना 3 अगस्त की है। पातरहातु गांव में कुंडिया सिंकु का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पत्नी मनीती कुई के बयान के आधार पर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए कार्रवाई शुरू की।
प्रेम संबंध को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक की पत्नी के साथ मृतक के कथित प्रेम संबंध को लेकर काफी समय से विवाद और तनाव चल रहा था। इसी रंजिश में कुंडिया सिंकु की डंडों से पिटाई कर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में पातरहातु गांव के मंगल हेम्ब्रम उर्फ मंगल सिंह हेम्ब्रम (38), कुशनु हेम्ब्रम (45) और गणेश हेम्ब्रम (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के बाद आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन लकड़ी के डंडे बरामद किए गए। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ रफायल मुर्मू के अलावा झींकपानी अंचल निरीक्षक बासुदेव मुंडा, कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

error: Content is protected !!
Exit mobile version