Spread the love

रांची: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को जुलाई महीने की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के जरिए 3,97,213 लाभुकों के बैंक खातों में 2,500 रुपये प्रति लाभुक की दर से राशि भेजी गई है। इस प्रक्रिया के तहत कुल 99 करोड़ 30 लाख 32 हजार 500 रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित किए गए।
जिला प्रशासन का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे बैंक खाते में भेजे जाने से पारदर्शिता बनी रहती है और लाभुकों को बिना किसी बिचौलिये के समय पर सहायता मिलती है।
रांची जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में योजना का लाभ पहुंचाया गया है। लाभुकों की संख्या के लिहाज से कांके प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 31,709 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई। इसके अलावा टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,267, मांडर में 23,086, सिल्ली में 21,410, बेड़ो में 20,680 और रातू में 20,499 लाभुकों को योजना का लाभ मिला। वहीं चान्हो, तमाड़, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, बुढ़मू, अनगड़ा, सोनाहातू, लापुंग, खलारी, राहे, बुंडू, इटकी तथा अन्य शहरी क्षेत्रों में भी निर्धारित लाभुकों के खातों में सम्मान राशि सफलतापूर्वक भेजी गई।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से महिलाओं को घरेलू जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग मिलेगा और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की है कि यदि किसी पात्र महिला के खाते में राशि प्राप्त नहीं हुई है या भुगतान से संबंधित कोई समस्या है, तो वह जिला प्रशासन के आधिकारिक जन शिकायत व्हाट्सएप नंबर “अबुआ साथी” 9430328080 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version