
जमशेदपुर: झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक के जमशेदपुर आगमन पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
शहर पहुंचने पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पुष्पगुच्छ एवं पुस्तक भेंट कर मुख्य न्यायाधीश का अभिनंदन किया। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल गरिमामय हो उठा।
मुख्य न्यायाधीश के स्वागत में स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक अंदाज में सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। न्यायमूर्ति सोनक ने कलाकारों से संवाद करते हुए झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति में गहरी रुचि दिखाई और स्वयं नगाड़ा एवं मांदर बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडे, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार शिवशीष, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषभ गर्ग समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।