Spread the love

 

जमशेदपुर:  सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित धुनी रोड के पास मंगलवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने श्रमिकों की आर्थिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। टाटा स्टील के एक वेंडर कर्मचारी गोरचंद महतो ने अपने ही क्वार्टर में जीवन समाप्त कर लिया। बताया जा रहा है कि गोरचंद महतो लंबे समय से अपने भविष्य निधि (पीएफ) के भुगतान को लेकर परेशान थे। कई बार प्रयास करने के बावजूद उन्हें उनका बकाया नहीं मिल पा रहा था, जिससे वे लगातार आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव में जी रहे थे। यही दबाव धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि उन्होंने यह कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पीएफ भुगतान में देरी और उससे हुई मानसिक परेशानी का उल्लेख किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बरामद नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने वेंडर कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, समय पर पीएफ भुगतान और उनके अधिकारों की रक्षा को लेकर आवाज उठाई है।
error: Content is protected !!
Exit mobile version