
नवादा: बिहार के नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुरा गांव में दहेज विवाद ने एक विवाहिता की जान ले ली। आरोप है कि पति ने मायके पहुंचकर पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए महिला के भाई पर भी उसने चाकू से वार कर दिया। घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में इलाजरत है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में हुई है। वह चंद्रमौली सिंह की पत्नी थी। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से दहेज को लेकर विवाद चल रहा था। घटना से कुछ घंटे पहले ही विवाद के बाद पूजा अपने मायके खानापुरा आई थी।
मृतका के पिता उपेंद्र सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि ससुराल पक्ष 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। उनकी बेटी पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और इसी कारण वह मायके में रह रही थी।
शुक्रवार को पूजा अपने कमरे में आराम कर रही थी। इसी दौरान उसका पति अचानक घर पहुंचा और किसी को संभलने का मौका दिए बिना उस पर चाकू से कई वार कर दिए। बेटी की चीख सुनकर उसका भाई नीतीश कुमार बचाने दौड़ा, लेकिन आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन दोनों घायलों को तुरंत पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने पूजा कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीतीश कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज जारी है। पूजा और चंद्रमौली सिंह की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। दोनों की एक तीन वर्षीय बेटी भी है, जो अब अपनी मां को हमेशा के लिए खो चुकी है। वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
