Spread the love

धनबाद: अवैध कोयला कारोबार से जुड़े कथित नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को धनबाद में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में 25 से अधिक संदिग्ध कोयला कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान कई इलाकों में तनाव और विरोध की स्थिति भी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि ED की यह कार्रवाई कोयला कारोबारी एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की जा रही है। एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर पहुंचकर घरों और परिसरों की तलाशी ली। इस दौरान दस्तावेज, कारोबारी लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

जांच की जद में माधव सिंह, गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान और आलोक समेत कई नाम सामने आए हैं। ED की टीमों के साथ सुरक्षा बल भी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान एलबी सिंह के साले रणजीत सिंह के आवास पर भी ED की टीम पहुंची। जानकारी के मुताबिक, टीम के पहुंचने पर मुख्य दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद अधिकारियों ने सीढ़ी के सहारे घर में प्रवेश किया और तलाशी शुरू की। इस घटनाक्रम के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

वहीं, लोयाबाद के कनकनी इलाके में झामुमो धनबाद महानगर के उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान के आवास पर भी ED की कार्रवाई हुई। हरेंद्र चौहान के भाई धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान हैं। सुबह करीब साढ़े पांच बजे पश्चिम बंगाल और रांची नंबर की गाड़ियों से पहुंची टीम ने परिसर में जांच शुरू की। ED की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और समर्थक मौके पर जमा हो गए। कुछ महिलाओं ने टीम की कार्रवाई का विरोध किया और अधिकारियों से घर के भीतर जाने की मांग की। स्थिति को देखते हुए कुछ महिलाओं को अंदर जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान मौके पर नारेबाजी और गहमागहमी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों की ओर से ED की कार्रवाई को लेकर कई तरह के आरोप भी लगाए गए, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी तरफ, ED की ओर से फिलहाल छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। फिलहाल एजेंसी की कार्रवाई जारी है तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच के दौरान ED को क्या-क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले और इस मामले में आगे किन लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version