Spread the love

 

जमशेदपुर: इंटक के स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड यूथ इंटक के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और यूनियन पदाधिकारियों ने भालूबासा स्थित कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर आयोजित सभा में श्रमिक एकता और उनके अधिकारों को लेकर जोरदार संदेश दिया गया। सभा को संबोधित करते हुए झारखंड यूथ इंटक के अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि 3 मई 1947 को सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में इंटक की स्थापना हुई थी। तब से लेकर आज तक संगठन लगातार मजदूरों के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ता आ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी. संजीवा रेड्डी के नेतृत्व में झारखंड यूथ इंटक आगे भी मजदूरों के हित में हर संभव प्रयास करता रहेगा। सत्यम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूर समाज और देश के निर्माण की असली ताकत हैं और उनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में श्रमिकों का योगदान सबसे अहम है। कार्यक्रम के दौरान युवा नेता अवतार सिंह और रवि शंकर सिंह को अतिथियों द्वारा माला पहनाकर झारखंड यूथ इंटक से जोड़ा गया। इस मौके पर झारखंड इंटक के कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, टिमकेन वर्कर्स यूनियन के महासचिव विजय यादव, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रिंस सिंह, इंटक के सचिव एवं कोल्हान संगठन प्रभारी राणा सिंह, सरायकेला-खरसावां के इंटक जिला अध्यक्ष के.पी. तिवारी, यूथ इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष पांडे, महासचिव रघुचंदन प्रधान, सचिव जितेंद्र सिंह, जयदीप कालिंदी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और मजदूर उपस्थित रहे।
error: Content is protected !!
Exit mobile version