
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में 26 और 27 मई की रात हुई गोलीबारी की घटनाओं का जमशेदपुर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से घटना में इस्तेमाल पिस्तौल, एक जिंदा गोली और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं के बाद सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविंद्र कुमार ठाकुर, बलराम सिंह उर्फ छोटू, अमन सिंह और विकास सिंह गिल को गिरफ्तार किया।
जांच में यह बात सामने आई है कि विकास सिंह गिल इस पूरे फायरिंग कांड का मुख्य साजिशकर्ता था। गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इलाके में रंगदारी कायम करने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस गोलीकांड को अंजाम दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।