
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बहुचर्चित हिमांशु हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि मामले में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही अब इस हत्याकांड के सभी 16 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र कुमार उर्फ घेरे (40) और गणेश मछुवा (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने गणेश मछुवा की निशानदेही पर घटना के बाद आरोपियों को भगाने और छिपाने में इस्तेमाल की गई TVS एक्टिवा स्कूटी (JH05EH6474) भी बरामद कर ली है। जानकारी को राघवेंद्र ने मंगलवार को बिष्टुपुर थाना में सरेंडर किया था।
सिटी एसपी ने कहा कि हिमांशु हत्याकांड के खुलासे के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय आसूचना और अन्य सबूतों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि पहले ही 14 नामजद और अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। शेष दो आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी अभियान के दौरान राघवेन्द्र उर्फ घेरे और गणेश मछुवा को गिरफ्तार किया गया। गणेश मछुवा ने मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभाई थी। उसका पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है। सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने कहा कि इस कार्रवाई के साथ ही हिमांशु हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
