बोकारो: खान सुरक्षा महानिदेशालय के 125वें स्थापना वर्ष के अवसर पर टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन ने पर्यावरण संरक्षण और सतत खनन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया। इस दौरान सर दोराबजी टाटा पार्क में आम, अमरूद और बेल समेत 120 से अधिक फलदार पौधे लगाए गए।कार्यक्रम में खान सुरक्षा महानिदेशालय के उप महानिदेशक श्याम सुंदर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ टाटा स्टील के जनरल मैनेजर (कोल) संजय राजोरिया और वेस्ट बोकारो (डेज़िग्नेट) के जनरल मैनेजर मुकेश रंजन भी मौजूद रहे। इस अवसर पर डीजीएमएस के निदेशक (माइनिंग) अजीत कुमार, निदेशक (मैकेनिकल) नरेश गोविंद फुले, उप निदेशक (माइनिंग) परवेज आलम, उप निदेशक (इलेक्ट्रिकल) शेख मिन्हाजुद्दीन और उप निदेशक (मैकेनिकल) द्यामप्पा अडनूर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की एक प्रमुख उपलब्धि टाटा स्टील वेस्ट बोकारो में पहली बार हाइड्रोसीडिंग तकनीक की शुरुआत रही। उप महानिदेशक श्याम सुंदर प्रसाद ने इस आधुनिक मशीन का उद्घाटन किया। यह तकनीक खनन से प्रभावित क्षेत्रों, ओवरबर्डन डंप, खड़ी ढलानों और अस्थिर भूमि पर तेजी से हरियाली विकसित करने में प्रभावी मानी जाती है।हाइड्रोसीडिंग प्रक्रिया में बीज, पानी, मल्च, उर्वरक और अन्य पोषक तत्वों के मिश्रण का भूमि पर छिड़काव किया जाता है। इससे पौधों का तेजी से अंकुरण होता है, मिट्टी के कटाव पर नियंत्रण मिलता है और दुर्गम क्षेत्रों में भी हरियाली विकसित की जा सकती है। साथ ही यह तकनीक लागत को कम करने और स्थानीय पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर परिणाम देने में भी सहायक है।
टाटा स्टील ने कहा कि यह पहल पारिस्थितिक पुनर्स्थापन, पर्यावरण संरक्षण और सतत खनन के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। कार्यक्रम में टाटा स्टील के चीफ (इंजीनियरिंग एवं प्रोजेक्ट्स) मजहर अली, चीफ (कोल बेनिफिशिएशन) आशुतोष कुमार पांडेय तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख भी उपस्थित रहे।
