
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में मोबाइल चोरी के शक में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंडराबेड़ा निवासी फूलचंद रघुनाथ बेसरा और रविंद्र मांडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
रविवार को सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों की हत्या के बाद शवों को गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा जंगल में जमीन के अंदर गाड़ दिया गया था। शनिवार को पुलिस ने जेसीबी की मदद से दोनों शवों को जमीन से बाहर निकाला था।
13 अगस्त को तीन युवकों का किया गया था अपहरण
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 13 अगस्त की शाम पिंडराबेड़ा निवासी राहुल हांसदा, सूरज हांसदा और तपन प्रधान का अपहरण कर लिया गया था। तीनों युवकों को पहले धतकीडीह स्कूल के पास ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने तीनों को एक वाहन में लादकर गम्हरिया थाना क्षेत्र के सरनामूल ले गए।
सरनामूल में भी तीनों युवकों के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान सूरज हांसदा किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रहा और अपनी जान बचा ली। इसके बाद आरोपी राहुल हांसदा और तपन प्रधान के साथ मारपीट करते रहे।
मारपीट के दौरान दोनों युवकों की मौत
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राहुल और तपन को बांस की बल्ली से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद आरोपियों ने शवों को गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा जंगल में ले जाकर जमीन के अंदर गाड़ दिया।
मामले में राहुल हांसदा के पिता रवि हांसदा ने 20 अगस्त को कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर फूलचंद रघुनाथ बेसरा और रविंद्र मांडी को गिरफ्तार किया गया।
मोबाइल चोरी के शक में की गई हत्या
पुलिस के मुताबिक, पूरे हत्याकांड की वजह मोबाइल चोरी का शक था। गिरफ्तार आरोपी फूलचंद रघुनाथ बेसरा का मोबाइल 12 अगस्त को चोरी हुआ था। फूलचंद को शक था कि राहुल हांसदा और तपन प्रधान ने उसका मोबाइल चोरी किया है। इसी शक के आधार पर आरोपियों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने मोबाइल चोरी के शक में राहुल और तपन की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
जमीन में गाड़ दिए थे शव
हत्या के बाद दोनों युवकों के शवों को रापचा जंगल में जमीन के अंदर गाड़ दिया गया था। शनिवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से खुदाई कर दोनों शवों को बरामद किया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई बांस की बल्ली बरामद की है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
Trending
- बख्तियारपुर में भीषण अग्निकांड, सास-बहू और 6 माह की बच्ची की जिंदा जलकर मौत
- उलीडीह में दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज
- झारखंड में 24 अगस्त से छात्रों का बड़ा अभियान, शिबू सोरेन के गांव से निकलेगी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
- झारखंड न्यायिक सेवा परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 35 अभ्यर्थियों को राहत नहीं; याचिका निष्पादित
- सरायकेला में मोबाइल चोरी के शक में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
- रांची के वर्कशॉप में भीषण आग, नौ वाहन जलकर खाक
- टेल्को में विवाद के बाद चाकूबाजी, तीन युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
- गुवाहाटी में गूंजी झारखंड की लोक संस्कृति, देशभर के शिक्षकों ने जाना राज्य का गौरव

