
जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शर्मा लाइन के पास बाइक सवार बदमाशों ने पूजा-अर्चना कर घर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान कांति देवी के रूप में हुई है। वह पूजा-अर्चना के बाद पैदल अपने घर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपटी और तेज रफ्तार से वहां से निकल गए। अचानक हुई वारदात के कारण महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही आरोपी काफी दूर निकल चुके थे।
CCTV फुटेज में संदिग्धों की तस्वीर कैद
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ओलीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में जांच शुरू की। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों की तस्वीर कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन तस्वीरों और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिसपुलिस आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और छीनी गई चेन बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज में सामने आए संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

