
जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में दुकानदार पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली भी बरामद की गई है। सभी आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। बुधवार को सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों में मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मो. अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आरिफ अंसारी और अमनदीप सिंह शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दुकानदार पर गोली मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने चलाई थी। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस के अनुसार यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा थी। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकानदार को निशाना बनाकर फायरिंग की थी। हालांकि गोलीबारी में दुकानदार बाल-बाल बच गया और कोई हताहत नहीं हुआ।
गौरतलब है कि 31 मई को जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर रोड स्थित इम्तियाज जनरल स्टोर के बाहर अपराधियों ने फायरिंग की थी। आरोपियों ने दुकान मालिक के साथ मारपीट करने के साथ-साथ दुकान में तोड़फोड़ भी की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
दुकान संचालक इम्तियाज ने जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उधारी का पैसा मांगने पर अपराधियों ने उन पर हमला किया और फायरिंग कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
