
सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार दोपहर हुए भीषण विस्फोट से पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और काम कर रहे अन्य कर्मचारी जान बचाकर बाहर निकल आए। घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा गया, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2, प्लॉट संख्या 2बी-33 स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काम के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास मौजूद कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। घायलों में एक महिला कर्मी भी शामिल है।
घायल कर्मचारियों की पहचान सूरज हांसदा, अनिल यादव और सोनमुनि दास समेत पांच लोगों के रूप में हुई है। सभी का इलाज टीएमएच में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक तीन कर्मचारियों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण शुरू किया। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि विस्फोट की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा गैस सिलेंडर फटने, गैस रिसाव या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ।
पुलिस कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। दूसरी ओर, घटना के कई घंटे बाद तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
