सरायकेला: जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर सरायकेला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। विशेष अनुसंधान दल (SIT) की कार्रवाई में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से सरायकेला-खरसावां समेत आसपास के जिलों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
गुरुवार को प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि बाइक चोरी के एक मामले की जांच के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी इनपुट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26), करण बास्के (22) और कृष्णानाथ उर्फ दुख (22) के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने कई बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक नंबर प्लेट लगी बाइक (JH-22F-8686) और चार अन्य बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह सरायकेला-खरसावां के अलावा अन्य जिलों से भी बाइक चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और बरामदगी का दायरा बढ़ाने में जुटी है। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी उर्फ तेजा के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं करण बास्के पर भी वाहन चोरी और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में इस गिरोह से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
