चांडिल: सुवर्णरेखा नदी की तेज धारा ने एक बार फिर जान ले ली। चांडिल थाना क्षेत्र के जयदा स्थित छठ घाट पर रविवार शाम नहाने के दौरान दिल्ली का रहने वाला पिकअप वैन चालक शाहरुख खान नदी में बह गया। हादसे के बाद रविवार देर रात तक पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और जयदा मंदिर के समीप से शाहरुख का शव बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार शाहरुख खान अपने साथियों के साथ माल लेकर जमशेदपुर आया था। सामान खाली करने के बाद वह अन्य चालक और खलासी के साथ पिकअप वैन से दिल्ली वापस लौट रहा था। रास्ते में रविवार शाम करीब छह बजे सभी जयदा छठ घाट पर रुके। इसी दौरान शाहरुख नदी में नहाने के लिए उतर गया। बताया जा रहा है कि उस समय चांडिल डैम के सातों रेडियल गेट खुले थे। इसके चलते सुवर्णरेखा नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। नहाने के दौरान शाहरुख अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा उसे अपने साथ बहाकर ले गई। घटना के बाद साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया और स्थानीय ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव सर्च ऑपरेशन में बड़ी बाधा बना रहा।
रविवार रात तक चालक का पता नहीं चलने के बाद सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में अलग-अलग स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान जयदा मंदिर के पास शाहरुख का शव बरामद हुआ। चांडिल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद उसके साथ आए चालक और खलासी समेत अन्य लोगों में मातम का माहौल है।

