
सरायकेला: कांड्रा थाना क्षेत्र के पिंड्राबेड़ा मोड़ पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में यात्रियों से भरा ऑटो (JH 05DM 6241) पिकअप वैन से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आईं, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें बैठे यात्री इधर-उधर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक घायलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही एक अन्य ऑटो चालक दुर्घटनाग्रस्त वाहन को वहां से हटा ले गया। सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ फरार ऑटो चालक की तलाश में जुटी है।
