
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंदा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अफीम और अफीम डोडा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के तेगम गांव निवासी 22 वर्षीय जलेश कुमार अपने घर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए है। सूचना मिलते ही सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह और पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 7.540 किलोग्राम अफीम और 293.900 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी जलेश कुमार के खिलाफ कुंदा थाना कांड संख्या 52/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
