
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित बजरंग चाय दुकान में झुलसी युवती मेहंदी कुमारी का हालचाल जानने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी मंगलवार को टीएमएच अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य पवन सिंह और युवा साथी विक्टर सोरेन भी मौजूद रहे।
अस्पताल में कुणाल षाड़ंगी ने पीड़िता, उनके परिजनों और इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. पंकज से मुलाकात कर स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश देते हुए कहा कि पीड़िता के पूरी तरह स्वस्थ होने तक इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
घटना को बेहद गंभीर बताते हुए उन्होंने राज्य के डीजीपी, एसएसपी और सिटी एसपी से दूरभाष पर बातचीत कर मामले में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।