
जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर में छापेमारी कर महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 4.32 ग्राम) और बिक्री से जुड़े 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में किया।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर की तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया और नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 4,820 रुपये बरामद हुए। मौके से भारती कैबर्तो (40), उसका बेटा विशाल कैबर्तो (22) और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि भारती कैबर्तो पहले से ही ड्रग्स तस्करी के मामलों में संलिप्त रही है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। सिटी एसपी ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।