Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील और टाटा क्लासएज के संयुक्त प्रयास से मराठा विद्या प्रसारक समाज (एमवीपीएस), नासिक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित आठ दिवसीय स्पोर्ट्स एक्सीलेंस कैंप का सफल समापन हो गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं, आधुनिक खेल विज्ञान और जमशेदपुर की समृद्ध खेल संस्कृति से परिचित कराना था। शिविर में एमवीपीएस, नासिक के 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी और हेड स्पोर्ट्स कैप्टन मनीष सिन्हा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। ओरिएंटेशन सत्र के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों के तकनीकी, शारीरिक और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। शिविर का सबसे बड़ा आकर्षण टाटा आर्चरी अकादमी में आयोजित विशेष तीरंदाजी प्रशिक्षण रहा। यहां विद्यार्थियों को प्रशिक्षक सुशांतो और पार्वती ने तीरंदाजी की बारीकियों से अवगत कराया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पूर्णिमा महतो ने विशेष कार्यशाला के माध्यम से खिलाड़ियों को उन्नत तकनीक, सटीक निशानेबाजी और प्रतियोगी खेलों की रणनीतियों की जानकारी दी। खेल विज्ञान को भी शिविर का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया।

विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट मानसी बलसारा ने खिलाड़ियों को चोट से बचाव, फिटनेस, रिकवरी और पेशेवर खेलों में शारीरिक देखभाल के महत्व पर प्रशिक्षण दिया। हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) में आयोजित सत्रों के जरिए विद्यार्थियों ने आधुनिक खेल विज्ञान की उपयोगिता को समझा। शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने बास्केटबॉल, पिकलबॉल, आत्मरक्षा, जुंबा, वॉटर पोलो और अन्य खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। साथ ही उन्होंने नवल टाटा हॉकी अकादमी का भ्रमण कर वहां उपलब्ध अत्याधुनिक खेल सुविधाओं को करीब से देखा। खिलाड़ियों को जमशेदपुर की पहचान से भी रूबरू कराया गया। इस दौरान उन्होंने टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, सेंटर फॉर एक्सीलेंस और जुबली पार्क के लेजर शो का आनंद लिया। शिविर का समापन घुड़सवारी सत्र और मैत्रीपूर्ण तीरंदाजी प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का प्रदर्शन किया। टाटा स्टील ने कहा कि कंपनी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने के अपने मिशन के तहत ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी आयोजित करती रहेगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version