
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉर्दन टाउन स्थित टाटा स्टील यूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ सेंटर में बुधवार सुबह एक ठेका कर्मी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मेघु मुखी के रूप में हुई है, जो हेल्थ सेंटर में फॉगिंग का कार्य करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेघु मुखी बुधवार सुबह करीब 11 बजे रोज की तरह अपने कार्यस्थल पहुंचा था। सहकर्मियों के अनुसार वह सामान्य दिख रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव हेल्थ सेंटर के गोदाम में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों व सहकर्मियों से पूछताछ जारी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।