
जमशेदपुर: जुगसलाई थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी हथियार और कारतूस की आपूर्ति से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का सक्रिय सदस्य है। कार्रवाई के दौरान उसके पास से हथियारों से संबंधित सामग्री, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियारों और गोला-बारूद की सप्लाई के लिए क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित एक अपार्टमेंट के पास छापेमारी कर सैयद अदनान मिर्जा (27) को हिरासत में लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी ली। तलाशी में वाहन की पिछली सीट के नीचे बने एक विशेष स्थान से दो पिस्तौल के मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जरूरतमंद लोगों तक अवैध हथियार और गोलियां पहुंचाने का काम करता था। इसी आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का नाम पहले भी एक आपराधिक मामले में सामने आ चुका है। फिलहाल उसके पुराने मामलों और अन्य संदिग्ध संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है। जिले में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।