
जमशेदपुर: जमशेदपुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से जुड़े सुरक्षा कर्मियों को अचानक हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिले के करीब 140 सुरक्षा कर्मियों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना दिया और नई एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में विधायक संजीव सरदार भी शामिल हुए और सुरक्षा कर्मियों के समर्थन में नजर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से एसबीआई बैंक और एटीएम में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत थे, लेकिन नई एजेंसी द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के उन्हें नौकरी से हटा दिया गया।
सुरक्षा कर्मियों ने आरोप लगाया कि अचानक लिए गए इस फैसले से उनके परिवार आर्थिक संकट और भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त से मिलकर दोबारा नौकरी पर बहाल करने की मांग की।
वहीं विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की बात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सुरक्षा कर्मियों को दोबारा काम पर नहीं रखा गया तो झामुमो उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।