
जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले का खुलासा शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में किया। सिटी एसपी ने बताया कि 10 जून को रामजनम नगर निवासी समीर नाग ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आशु कर्मकार और उसके सहयोगियों ने उसके साथ मारपीट की और जान लेने की नीयत से फायरिंग की थी। शिकायत के आधार पर कदमा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आशु कर्मकार, राजेश लोहार, विशाल कर्मकार और शुभम लोहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आशु कर्मकार के पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया, जबकि राजेश लोहार के पास से तीन जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा घटनास्थल से दो फायर किए गए खोखे भी जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपियों और समीर नाग के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश और बदला लेने की मंशा से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश लोहार के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।