
पांकी ,पलामू
पांकी प्रखंड क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी कड़ी में घनश्याम ज्वेलर्स एवं बर्तन भण्डार में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया।
दुकान मालिक मुरली प्रसाद सोनी रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। जब वे अपनी दुकान के पास पहुंचे तो देखा कि दुकान के शटर पर प्लास्टिक लगाया गया है और अंदर का कुछ सामान आधा बाहर निकाला हुआ है। यह देखकर वे घबरा गए और शोर मचाने लगे।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते भीड़ लग गई। लोगों ने आशंका जताई कि चोर रात में शटर खोलकर सामान निकाल रहे थे, लेकिन किसी वजह से पूरी चोरी को अंजाम नहीं दे सके और बीच में ही भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक के अनुसार दुकान में सामान बिखरा हुआ मिला है, जबकि कितनी चोरी हुई है, इसका आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती तेज करने की मांग की है।