जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के भुवनेश्वर मंदिर के समीप रविवार देर शाम दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में एक कार में पूरा परिवार सवार था, जबकि दूसरी ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्विफ्ट कार (BR 01 JZ 4798) में सवार युवक कथित रूप से शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चला रहे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी वजह से दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का दावा है कि दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार से शराब की बोतलें और पेग बनाने का सामान भी मिला है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वाहन चालक और अन्य सवार लोग शराब के नशे में थे या नहीं। इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शराब पीकर वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यातायात नियमों की अनदेखी और नशे में ड्राइविंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


