
जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने जमकर तांडव मचाया। छप्पन भोग के पास हुई इस घटना में कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, फिर उछलते हुए एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया और आखिरकार सड़क पार कर एक नामी कपड़ों के शोरूम में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार जुगसलाई की ओर से काफी तेज गति में आ रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शोरूम के सामने अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कार में एक दंपत्ति सवार थे। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसकी पत्नी घटनास्थल पर ही मौजूद रही। चालक के फरार होने से स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस हादसे में राहगीर को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया गया और उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरे को उजागर कर दिया है।