Spread the love
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के दुमरिया प्रखंड में सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों का विरोध सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट मांग रखी है कि बिना विधिवत भूमि अधिग्रहण और उचित मुआवजा दिए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू न किया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल जमशेदपुर द्वारा दुमरिया प्रखंड अंतर्गत कई मार्गों—विशेषकर सेरालडीह, मोरखा और नरसिंहगढ़ क्षेत्र के सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य प्रस्तावित है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसानों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अब तक कई जगहों पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और न ही प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया गया है। बिना सहमति और सूचना के कार्य शुरू करने से गांवों में असंतोष और चिंता का माहौल बन गया है।
उन्होने कहा कि पहले भी इस परियोजना को स्वीकृति मिली थी, जिसमें कुछ सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कुछ हिस्सों में अभी भी भूमि अधिग्रहण अधूरा है। इसी वजह से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सरकार इस मामले में हस्तक्षेप करे और सुनिश्चित करे कि सभी प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिलने के बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए।
error: Content is protected !!
Exit mobile version