Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर मैदान में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुए हिंसक विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवनारायणपुर निवासी गौतम मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, देर रात किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान गौतम मुंडा पर धारदार हथियार और पत्थरों से हमला किया गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को पहले गंगोत्री नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version