Spread the love

 

जमशेदपुर: शहर के कदमा और सोनारी इलाके में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है। लाखों लोग गंदा और मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे इलाके में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि Tata Steel UISL द्वारा सप्लाई किए जा रहे टैप वाटर में पिछले कई दिनों से दूषित पानी आ रहा है। पानी की स्थिति इतनी खराब है कि वह पीने तो दूर, घरेलू उपयोग के लिए भी सुरक्षित नहीं है।
लोगों का कहना है कि वे नियमित रूप से पानी का बिल भुगतान कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें साफ पेयजल नहीं मिल रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
समस्या से परेशान होकर कदमा और सोनारी क्षेत्र के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
महिलाओं ने सवाल उठाया कि अगर इस दूषित पानी को पीने से लोग बीमार पड़ते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
error: Content is protected !!
Exit mobile version