
जमशेदपुर: टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह स्कूल बच्चों से भरी टाटा विंगर वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। N-111 के पास हुए इस हादसे में वैन में सवार करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। इनमें दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया।
डिवाइडर से जोरदार टक्कर, धमाके जैसी सुनाई दी आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल वैन टेल्को स्टेडियम की ओर से चिन्मया स्कूल के बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। N-111 के पास अचानक वैन अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोगों को आवाज धमाके जैसी सुनाई दी। दुर्घटना में वैन का निचला हिस्सा और चैंबर तक फट गया।
हादसे के तत्काल बाद वैन के अंदर बच्चों की चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पास के फ्लैटों में रहने वाले लोग भी घटना की जानकारी मिलते ही नीचे आ गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
मौके पर जुटे लोगों ने घायल बच्चों को वैन से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। कई बच्चों को चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों और चालक को विशेष निगरानी में रखा गया है। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।
कार को बचाने के दौरान हादसा होने की आशंका
मौके पर मौजूद राहगीर उत्तम के अनुसार हादसा एक कार को बचाने के चक्कर में हुआ। उन्होंने बताया कि चिन्मया स्कूल की तरफ से आ रही एक कार स्कूल वैन के सामने आई और वैन से बिल्कुल सटते हुए निकल गई। इसके बाद कार को पीछे मुड़कर देखने के दौरान वैन चालक का ध्यान सड़क से हट गया और वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।











