
रांची : नौ अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा से लेकर पार्किंग, मेडिकल सुविधा और दर्शकों की सुविधा तक हर व्यवस्था को पुख्ता करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
झारखंड टी-20 की कमी दोहराने के मूड में नहीं जेएससीए
मंगलवार को कमेटी आफ मैनेजमेंट की बैठक में तय किया गया कि झारखंड टी-20 फाइनल के दौरान जो कमियां सामने आई थीं, उन्हें भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले में दूर किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
पार्किंग व्यवस्था की भी होगी खास तैयारी
बैठक में पार्किंग व्यवस्था पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके लिए कमेटी के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि मैच के दिन दर्शकों को वाहनों की पार्किंग को लेकर परेशानी न हो।
मेडिकल सुविधा और दर्शकों की सहूलियत पर फोकस
मैच के दौरान मेडिकल फैसिलिटी की पर्याप्त व्यवस्था रखने पर भी चर्चा हुई। स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
मैच से जुड़े टेंडर फाइनल, टिकट के दाम पर फैसला बाकी
मैच के लिए आवश्यक टेंडर को अंतिम रूप दे दिया गया है। वहीं, बैठक में टिकट की कीमत को लेकर भी चर्चा हुई, लेकिन अभी इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। जल्द ही टिकट के मूल्य की घोषणा किए जाने की बात कही गई है।
बैठक में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी समेत कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
संजय पांडेय, उपाध्यक्ष, झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने कहा कि कोई कमी न रहे, इस पर विशेष फोकस है। सुरक्षा पर हमारा विशेष ध्यान है। झारखंड टी-20 में जो कमी रह गई थी, वह इस बार नजर नहीं आएगी। मेडिकल फैसिलिटी पर भी जेएससीए का विशेष ध्यान है।











